5 अगस्त 2015 - 12:16
 अफ़ग़ानिस्तान पर अमरीका द्वारा किए गए ड्रोन हमलों में 75 की मौत।

पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान के नंगरहार प्रांत में अमरीका की ओर से किए गए श्रंख्लाबद्ध ड्रोन हमलों में मरने वालों की संख्या 75 हो गयी है।

पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान के नंगरहार प्रांत में अमरीका की ओर से किए गए श्रंख्लाबद्ध ड्रोन हमलों में मरने वालों की संख्या 75 हो गयी है।
स्थानीय प्रशासनिक सूत्र ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की रात नंगरहार प्रांत के अनेक इलाक़ों पर 6 ड्रोन हमले हुए जिसमें मरने वालों की तादाद 75 तक पहुंच गयी है। सूत्र ने बताया कि यह हमला तालेबान को निशाना बनाकर किया गया और मरने वाले तालेबान तथा आई एस आई एल के आतंकी हैं। अफ़ग़ान सरकार ने ड्रोन हमलों के घटना स्थल पर कई जांच टीमें रवाना की हैं ताकि ये टीमें हमले के वक़्त घटना स्थल के हालात की समीक्षा करें।
ज्ञात रहे 1 अगस्त को अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी प्रांत लूगर के बराकी बराक इलाक़े पर एक हवाई हमला हुआ था जिसमें रिपोर्ट के अनुसार 5 लोग मारे गए थे। 29 जुलाई को नंगरहार प्रांत के हस्का मिना इलाक़े पर अमरीकी ड्रोन के 2 हमले हुए थे जिसमें कम से कम 20 लोग मारे गए थे। नंगरहार प्रांत की सरहद पाकिस्तान से मिली हुयी है।
ज्ञात रहे अमरीका अफ़ग़ानिस्तान, पाकिस्तान, सोमालिया और यमन में रिमोट कंट्रोल द्वारा नियंत्रित ड्रोन हमले करता आ रहा है। वॉशिंग्टन का कहना है कि इन हमलों में अलक़ाएदा सहित दूसरे चरमपंथियों को निशाना बनाया जाता है लेकिन स्थानीय अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इन हमलों में ज़्यादातर आम नागरिक मारे जाते हैं।